Menu

3 Golden Points of Being  Shraddhavan

Contents hide

1.श्रद्धावान होने के 3 स्वर्णिम बिन्दु (3 Golden Points of Being Shraddhavan):

  • श्रद्धावान होने के 3 स्वर्णिम बिन्दु (3 Golden Points of Being Shraddhavan) के द्वारा हम जानेंगे कि श्रद्धा से क्या आशय है? श्रद्धा हमारे बाहर के व्यवहार को कैसे प्रभावित करती है? श्रद्धा और अध्यात्म में समन्वय क्यों जरूरी है और किस प्रकार सम्भव है?

Also Available in Hindi:3 Tips to Keep Devotion for Students

2.श्रद्धा कैसे जगती है? (How does Shraddhavan arise?):

  • जीवन को किसी निर्दिष्ट ढाँचे में ढाल देने वाली सबसे प्रबल एवं उच्चस्तरीय शक्ति श्रद्धा है।यह अंतःकरण की दिव्य भूमि में उत्पन्न होकर समस्त जीवन को हरियाली से सजा देती है।श्रद्धा का अर्थ है:श्रेष्ठता के प्रति अटूट आस्था।यह आस्था जब सिद्धांत एवं व्यवहार में उतरती है,तो उसे निष्ठा कहते हैं।यही जब आत्मा के स्वरूप,जीवन एवं भगवद् भक्ति के क्षेत्र में प्रवेश करती है,तो श्रद्धा कहलाती है।
  • आत्मकल्याण चाहने वाले के लिए और भगवान प्राप्ति के लिए इस शक्ति का उभार अवलंबन आवश्यक है। इसके बिना उस महान् लक्ष्य को प्राप्त नहीं किया जा सकता।अपने अंतरात्मा में बैठे हुए परमात्मा को देखने,उसे प्राप्त करने का उपाय बताते हुए मनीषियों ने इसी श्रद्धा की गरिमा को प्रस्तुत किया है।मनुष्य स्थूल कम,सूक्ष्म अधिक है।वह भावनाओं के सहारे पैदा होता,भावनाओं में ही जीवित रहता और भाव जगत् में ही विलीन होता है।भावनाओं के प्रति सम्मान ही श्रद्धा है।
    यह संवेदना जहाँ भी होगी वहीं संतोष की निर्झरिणी प्रवाहित हो रही होगी।भगवान् कृष्ण ने कहा है,सत्त्वानुरूपा सर्वस्य श्रद्धा भवति भारत।श्रद्धामयोऽयं पुरुषो यो यच्छ्रद्धः स एव सः॥ अर्थात् हे अर्जुन! यह सृष्टि श्रद्धा से विनिर्मित है।जिसकी जैसी श्रद्धा होती है वह पुरुष वैसा ही बन जाता है अर्थात् बुराइयों के प्रति श्रद्धा व्यक्ति को समस्याओं में कैद कर देती है,तो आदर्शों के प्रति श्रद्धा मनुष्य जीवन को सुख-शांति और प्रसन्नता से भर देती है।श्रद्धा में ही व्यक्तित्व के परिष्कार की वास्तविक सामर्थ्य है।
  • श्रद्धा के अभिसिंचन से पत्थर में देवता का उदय किया जा सकता है।हिंदू संस्कृति में प्रतिमा प्रतिस्थापित करने तथा उनकी पूजा उपासना करने का दर्शन इसी श्रद्धा तत्त्व पर आधारित है।अपने इष्ट के प्रति अटूट श्रद्धा आरोपित करके ही उपासक उसके साथ अनन्य एकता स्थापित कर लेते हैं।
  • भगवान,कर्मफल,जीवनोद्देश्य,कर्त्तव्यपालन,आत्मा की गरिमा जैसे सत्य तथ्यों पर सघन श्रद्धा रखने वाले लोग ही सामान्य जीवन से उठकर महामानवों,देवदूतों की पंक्ति में बैठ सकते हैं।आध्यात्मिक क्षेत्र की उच्चस्तरीय साधनाओं में श्रद्धा की ही अपरिमेय शक्ति काम करती है।
  • श्रद्धा का आविर्भाव सरलता और पवित्रता के संयोग से होता है।पार्थिव वस्तुओं से ऊपर उठने के लिए सरलता व पवित्रता इन्हीं दो गुणों की अत्यंत आवश्यकता होती है।इच्छा में सरलता और प्रेम में पवित्रता का विकास जितना अधिक होगा,उतनी ही अधिक श्रद्धा बलवान होगी।सरलता द्वारा परमात्मा की भावानुभूति होती है और पवित्र प्रेम के माध्यम से उसकी रसानुभूति।श्रद्धा दोनों का ही सम्मिलित स्वरूप है,उसमें भावना भी है और रस भी।जहाँ उसका उदय हो वहाँ लक्ष्य प्राप्ति की कठिनाई का अधिकांश समाधान तुरंत हो जाता है।जब तक मनुष्य के अंतःकरण में श्रद्धा का जन्म नहीं होता,तब तक जप,तप,यम,नियम,व्रत आदि जितने भी धर्माचरण हैं,उनमें मनुष्य की बुद्धि स्थिर नहीं रहती।यह श्रद्धा ही जीवन की कठिनाइयों में मनुष्य को पार लगाती है और आत्मगुणों का विकास करती हुई उसे विज्ञानयुक्त परमात्मा के प्रकाश तक जा पहुँचाती है।
  • मानव देह में एक चिरंतन आध्यात्मिक सत्य छुपा हुआ है।जब तक वह मिल नहीं जाता,इच्छाएँ उसे इधर से उधर भटकाती,दुःख के थपेड़े खिलाती रहती हैं।अपने आपको,अपनी चेतन सत्यता को पहचानना आसान बात नहीं है।विद्यमान परिस्थितियाँ ही धोखा देने के लिए पर्याप्त होती हैं,फिर जन्म-जन्मांतरों के प्रारब्ध इतने भले नहीं होते,जो मनुष्य को साधारणतः ही क्षमा कर दें।हमारा असली व्यक्तित्व इतना स्पष्ट है कि उसकी भावानुभूति एक क्षण में हो जाती है।वह परदों में नहीं रहता,फिर भी वह इतना जटिल और कामनाओं के परदों में छुपा हुआ है कि असली स्वरूप को जानना टेढ़ा पड़ जाता है।साधना-उपासना करते हुए भी बार-बार पथ से विचलित होना पड़ता है।

3.श्रद्धा सत्यप्राप्ति का मार्ग (Shraddhavan is the path to truth):

  • श्रद्धा वह प्रकाश है जो आत्मा को सत्यप्राप्ति के लिए बनाए गए मार्ग को दिखाता रहता है।जब भी मनुष्य लौकिक चमक दमक,कामिनी व कंचन के लिए मोहग्रस्त होता है,तो माता की तरह ठंढे जल से मुँह धोकर जगा देने वाली शक्ति यह श्रद्धा ही होती है।सत्य के सद्गुण ऐश्वर्य स्वरूप एवं ज्ञान की पूँजी अपनी बुद्धि से नहीं मिलती।उसके प्रति सविनय प्रेम भावना विकसित करनी पड़ती है,उसी को श्रद्धा कहते हैं।श्रद्धा सत्य की सीमा तक साधक को साधे रहती है और सँभाले रहती है।
  • श्रद्धा के बल पर ही मलिन चित्त अशुद्ध चिंतन का परित्याग करके बार-बार परमात्मा के चिंतन में लगा रहता है।बुद्धि भी जड़ पदार्थों में तन्मय न रहकर परमात्मज्ञान में अधिक-से-अधिक सूक्ष्मदर्शी होकर दिव्य भाव में बदल जाती है।जब अपने कर्मों के औचित्य एवं अनौचित्य को परम प्रेरक शक्ति के हाथों सौंप देते हैं,तो एक प्रकार की निश्चिंतता मन में आ जाती है।मन का बोझ हलका हो जाता है।जिसकी जीवन पतवार परमात्मा के हाथ में हो उसे किसका भय?
  • सर्वशक्तिमान से संबंध स्थापित करके ही मनुष्य निर्भय हो सकता है।व्यक्तित्व में सद्‌गुणों का प्रकाश और दिव्यता झरने लगती है।जीवन में आनंद झलकने लगता है।यह संबंध और स्पर्श जब तक पूर्णता तक नहीं पहुँचता,तब तक यह श्रद्धा के रूप में प्रकट व विकसित होता है।यह एक प्रकार से पाथेय है,इसलिए उसका मूल्य और महत्त्व उतना ही है,जितना कि अपने लक्ष्य का,गंतव्य का,अभीष्ट का,आत्मा,सत्य अथवा परमात्मा की प्राप्ति का।श्रद्धायुक्त जीवन की विशेषता से ही मनुष्य स्वभाव में ऐसी सुंदरता बढ़ती जाती है,जिसको देखकर श्रद्धावान् स्वयं संतुष्ट बना रहता है।श्रद्धा सरल हृदय की ऐसी प्रीतियुक्त भावना है,जो श्रेष्ठ पथ की सिद्धि कराती है।इसीलिए शास्त्रकार कहते हैं:
  • भवानीशङ्करौ वंदे श्रद्धाविश्वासरूपिणौ।
    याभ्यां विना न पश्यन्ति सिद्धास्वांतःस्थमीश्वरम्॥
  • हम सर्वप्रथम भवानी और भगवान्,प्रकृति और परमात्मा को श्रद्धा व परमात्मा को श्रद्धा व विश्वास के रूप में वंदन करते हैं,जिसके बिना सिद्धि और भगवद्-दर्शन की आकांक्षा पूर्ण नहीं होती।
  • उपर्युक्त विवेचना के सहारे हम इस निष्कर्ष पर पहुँचते हैं कि मानव जीवन में सबसे बड़ी,सबसे ऊँची,सबसे समर्थ शक्ति श्रद्धा की ही है।मनःस्थिति को परिस्थितियों का सृजनकर्ता कहा गया है।शरीर का जन्म तो माता-पिता की उत्कृष्टता,श्रद्धा व विश्वासरूपी दिव्य जननी और जनक की अनुकंपा का फल माना जा सकता है। उल्लसित वर्तमान और उज्ज्वल भविष्य का निर्धारण पूर्णतया श्रद्धा के हाथ में है।उसी का महत्त्व,मर्म,उपार्जन,अभिवर्द्धन सिखाने के लिए भूतकाल की कथा-गाथाओं को पुरातन उपाख्यानों में पुराण के नाम से जाना जाता है।
  • भूत,भविष्य और वर्तमान की सुखद संभावनाओं का निर्माण अंतःकरण के जिस क्षेत्र में विनिर्मित होता है,उसका स्वरूप समझना हो तो एक श्रद्धा शब्द का उपयोग करने से वह प्रयोजन पूरा हो सकता है।गुरु कुछ भी न दे तो भी श्रद्धा में वह शक्ति है,जो अनंत आकाश से अपनी सफलता में तत्त्व और साधन को आश्चर्यजनक रूप से खींच लेती है।ध्रुव,एकलव्य,राजर्षि दिलीप की साधनाओं में सफलता का रहस्य उनके अंतःकरण की श्रद्धा ही रही है।उनके गुरुओं ने तो केवल उसकी परख की थी।यदि इस तरह की श्रद्धा आज भी लोगों में आ जाए व पूर्ण रूप से परमात्मा की इच्छाओं पर चलने को कटिबद्ध हो जाएँ,तो विश्व शांति,चिर संतोष और अनंत समृद्धि की परिस्थितियाँ बनते देर न लगे।

4.आस्था का उदय विज्ञान और अध्यात्म के समन्वय से (The Rise of Shraddhavan in the Coordination of Science and the Spiritual):

  • पदार्थ विज्ञान आज की स्थिति तक एक लम्बे संघर्ष के बाद पहुँचा है।पाश्चात्य भूमि में उपजे इस विज्ञान को अपनी वर्तमान गौरवमयी स्थिति तक पहुँचने में धर्मक्षेत्र के अंधविश्वासों एवं मूढ़ मान्यताओं के विरुद्ध घोर संघर्ष करना पड़ा है।अपने सर्वस्व की बाजी लगाते हुए इसने पग-पग भूमि पर अपना अधिकार जमाया है। कापर्निकस,गैलेलियो जैसे इसके सत्यान्वेषक सपूतों को इसके निमित्त अपने प्राणों की आहुति तक देनी पड़ी है।
    अपनी पूर्वाग्रहरहित सत्यान्वेषक पद्धति को देकर विज्ञान ने मानव जाति की एक बहुत बड़ी सेवा की है। धर्मक्षेत्र के पाखंडों,मूढ़ताओं एवं अंधविश्वास की जड़ों पर कुठाराघात कर इसने जो महत् कार्य किया है,वह सराहनीय है।इस तरह भौतिक एवं दार्शनिक स्तर पर विज्ञान की उपलब्धियों के प्रति मनुष्य जाति कृतज्ञता व्यक्त किए बिना नहीं रह सकती।
  • लेकिन बात यहाँ समाप्त नहीं हो जाती।इसका दूसरा पक्ष भी विचारणीय है।जहाँ एक ओर विज्ञान ने पूर्वाग्रहरहित सत्यान्वेषण की वैज्ञानिक पद्धति देकर दर्शन की सेवा की है,वहीं वह अपनी सीमाओं का भी अतिक्रमण कर बैठा है।इससे उपजे प्रत्यक्षवाद ने शुरुआत में ही जोर-शोर से यह कहना शुरू कर दिया था कि जो प्रत्यक्ष है वही सत्य है,जो प्रत्यक्ष नहीं उसका कोई अस्तित्व नहीं।चूँकि चेतना का (आत्मा का) प्रत्यक्ष प्रमाण उसे अपनी प्रयोगशाला में नहीं मिला,अतः इसके अस्तित्व को ही नकार दिया गया।इस तरह मनुष्य एक चलता-फिरता पेड़-पौधा भर बनकर रह गया।यह प्रकारांतर से भोगवाद एवं संकीर्ण स्वार्थ वृत्ति ही का प्रतिपादन हुआ।साथ ही इससे प्रेम,त्याग, सेवा,संयम,परोपकार,नीति,मर्यादा जैसी मानवीय गरिमा की पोषक धार्मिक मान्यताएँ सर्वथा खंडित होती चली गईं।
    इसके अलावा इस विज्ञान से उपजे भोगवादी दर्शन ने सदुपयोग करने की जगह दुरुपयोग ही सिखलाया।संकीर्ण स्वार्थों की अंधी दौड़ में प्रकृति का दोहन इस कदर हुआ कि प्रकृति कृति भी भूकंप,बाढ़,दुर्भिक्ष,अकाल आदि के रूप में अपना विनाश-तांडव करने के लिए मजबूर हो गई।यही वजह है कि आज प्राकृतिक संतुलन पूर्णतः डगमगा गया है। वायुमंडल में कार्बन डाइ ऑक्साइड का बढ़ना,तापमान के बढ़ने से हिमखंडों का पिघलना,प्रदूषण,तेजाबी वर्षा,परमाणु विकिरण जैसे सर्वनाशी संकट मानवीय अस्तित्व पर प्रश्न चिह्न लगाए हुए हैं।
  • इस तरह विज्ञान एक ओर जहाँ मनुष्य को साधन संपन्न बनाकर भौतिक सुखों के अंबार लगा दिए हैं,वहीं दूसरी ओर इससे उपजे भोगवादी दर्शन से पनपी संकीर्ण स्वार्थवृत्ति ने उसे उचित-अनुचित के निर्णय की क्षमता से च्युत कर दिया है।भोगों के आनंद में आज का इंसान अपने क्षणिक सुख में इतना लिप्त है कि विनोद-ही-विनोद में फुलझड़ी की तरह अपनी बहुमूल्य प्राण संपदा को नष्ट कर रहा है।आंतरिक रूप से वह खोखला हो गया है,बाहरी खोज में भटकते-भटकते वह स्वयं को ही भूल बैठा है।अपने अस्तित्व के केंद्र में विद्यमान शक्ति,ज्ञान एवं आनंद की दैवीय संपदा को उभारने वाले धर्म-अध्यात्म को सर्वथा भूल गया है। विज्ञान द्वारा पनपाए गए आज के विविध संकटों के मूल कारण आस्था संकट में ही हैं और इसका एकमात्र समाधान अध्यात्म द्वारा ही संभव है।जितना विज्ञान बाह्य प्रगति के लिए आवश्यक है उससे कहीं अधिक आवश्यकता आंतरिक परिष्कार एवं सुव्यवस्था के लिए धर्म की है।क्योंकि पदार्थों के नियंत्रण एवं सुसंचालन का केंद्र अंतःस्थित चेतन तत्त्व ही है।
  • लेकिन आज धर्म के क्षेत्र में चारों ओर ऐसा कुहासा छाया हुआ है कि इसके यथार्थ स्वरूप का परिचय कहीं नहीं मिलता।धर्म आज भ्रांतियों का ऐसा जंजाल बन गया है,जिसमें एक विचारशील व्यक्ति को कुछ सूझ ही नहीं पड़ता।आज की दशा में धर्म या तो अंधविश्वास,मूढ़ मान्यताओं से जकड़ा हुआ है या फिर ऋद्धि-सिद्धि, चमत्कारों का प्रतिपादन कर दिग्भ्रांत मानव को और भटका रहा है अथवा सामान्य मानव  को अनंत जीवन,परलोक एवं स्वर्ग के सुखद स्वप्न दिखलाकर पलायनवादी बना रहा है।जिस धर्म का जीवन की यथार्थता से कोई सम्बंध नहीं,जिसकी न तो उपयोगिता समझ आए और प्रामाणिकता दिखाई दे,उसे कोई भी विवेकशील व्यक्ति कैसे स्वीकार कर सकता है? शायद धर्म का यही स्वरूप रहा है।इसी को देखकर विचारशील प्रबुद्ध स्वयं को नास्तिक कहलाना अधिक बेहतर मानता है।इसी धर्म को लेनिन ने अफीम की गोली कहकर लताड़ा हो,तो इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं।
  • परंतु धर्म की यह बाह्य विकृति कैसी भी क्यों न हो,इसके परिष्कृत स्वरूप की आवश्यकता अपरिहार्य है।इसी संदर्भ में विज्ञान जगत् के शिरोमणि सर आइन्स्टाइन ने कहा था कि विज्ञान मनुष्य को वस्तुपरक ज्ञान की पराकाष्ठा तक ले जाकर अपनी सीमाओं का बोध करवाता है व आगे के चेतनात्मक ज्ञान का संकेत देता है,जहाँ इसकी पहुँच नहीं,यह कार्य धर्मक्षेत्र का है। उनका कहना था कि धर्म और विज्ञान के परस्पर सहयोग एवं समन्वय से ही मनुष्य जाति आगे बढ़ सकेगी।उनकी यह उक्ति चिर-परिचित है कि धर्म के बिना विज्ञान लँगड़ा है व विज्ञान के बिना धर्म अंधा।
  • वैज्ञानिक प्रगति से उपजे इस आस्था संकट की विषम वेला में धर्म को अपनी उपयोगिता एवं प्रामाणिकता सिद्ध करनी होगी।समाधान इससे कम में नहीं हो सकता।विज्ञान की सफलता के मूल कारण ये ही दो तत्त्व रहे हैं।इसने अपनी उपयोगिता व प्रामाणिकता जनसामान्य के सामने प्रस्तुत की है।विज्ञान का कार्यक्षेत्र भौतिक जगत् रहा है।इसने भौतिक जगत् के संबंध में जो सिद्धांत दिए हैं,वे विश्व के हर कोने में लागू होते हैं। अपनी उपयोगिता उपलब्ध भौतिक सुख-साधनों के रूप में सामने प्रत्यक्ष की है।
  • धर्म-अध्यात्म का क्षेत्र जो अब तक शास्त्र प्रमाण या महापुरुष वचन के रूप में मात्र श्रद्धा का विषय रहा है, क्या इसमें भी विज्ञान की अन्वेषण विधि लागू की जा सकती है ? क्या आध्यात्मिक सिद्धांतों को तर्क,तथ्य एवं प्रमाण के आधार पर प्रस्तुत किया जा सकता है? इस संदर्भ में ऋषि-मुनियों ने वर्षों पूर्व कहा था,”मेरे विचार में विज्ञान की विधि अध्यात्म पर भी लागू होनी चाहिए। यह जितनी जल्दी किया जाए उतना ही अच्छा रहेगा। इस प्रक्रिया में यदि कोई धर्म नष्ट भी हो जाए,तो उसे नष्ट होने दें।क्योंकि जो नष्ट होता है,वह इसका अनावश्यक अंश होगा व जो बचेगा वह धर्म का उज्ज्वल स्वरूप होगा।”
    इक्कीसवीं सदी की दुनिया के लिए यह आवश्यक है कि अध्यात्म अपने दर्शन का विज्ञान की आधुनिक शाखाओं के प्रकाश में उपयोगी प्रतिपादन करे।लेकिन काम इतने भर से चलने वाला नहीं।एकाकी विज्ञान की बैसाखियों के सहारे चलकर धर्म अपना वर्चस्व सिद्ध न कर पाएगा।विज्ञान ने स्वयं को प्रमाणित करने के लिए अध्यात्म या विज्ञान की किसी अन्य शाखा का सहारा नहीं लिया है।इसने स्वयं को अपने अंदर से सिद्ध किया है।धर्म को भी उसी कसौटी में स्वयं को खरा सिद्ध करना होगा।
  • आज के आस्था संकट के दौर में समाधान मात्र अध्यात्म सिद्धांतों को विज्ञान द्वारा सिद्ध करने से नहीं होगा,न ही इनकी दार्शनिक व्याख्या करने भर से होगा।न ही इसकी उपयोगिता आसन,प्राणायाम,ध्यान आदि साधना-उपचारों के उपकरणों द्वारा सिद्ध होगी।
    अध्यात्म क्षेत्र के सिद्धान्तों की उपयोगिता एवं वैज्ञानिकता तभी प्रमाणित मानी जाएगी जब यह अपने कार्यक्षेत्र अर्थात् अंतर्जगत् से इनको सिद्ध करे।अर्थात् धर्म के सिद्धांतों को अपने जीवनरूपी प्रयोगशाला में प्रयुक्त करना होगा व आत्मचेतना के अस्तित्व की अभिव्यक्ति जीवन के हर अंग में करनी होगी।इसका यथार्थ प्रमाण व्यक्तित्व में उत्कृष्ट चिंतन,उदात्त भावना एवं आदर्श चरित्र के रूप में परिलक्षित करना होगा। जितने अंश में यह अध्यात्म व्यक्तित्व के अंदर घटित होता जाएगा,उतना ही उसमें देवत्व बढ़ता जाएगा।महापुरुषों,महामानवों का बाहुल्य ही भोगवादी दर्शन से उपजी भ्रांतियों का सर्वसमर्थ निराकरण करेगा और तभी समाज में वे परिस्थितियाँ उत्पन्न होंगी,जिन्हें सर्वोपम कहा जा सकेगा।

Also Available in English:Devotion

5.श्रद्धावान होने के 3 स्वर्णिम बिन्दु का सारांश (Summary of 3 Golden Points of Being Shraddhavan):

  • (A)श्रद्धा से सम्बन्धित छात्र-छात्राओं से कुछ आध्यात्यिक प्रश्न (Some spiritual questions from students related to faith)
    (1.) श्रद्धा से तुम क्या समझते हो ? (What do you mean by Shraddhavan?):
    (2.) श्रद्धा विद्यार्थी के लिए क्यों जरूरी है? (Why is Shraddhavan important for a student?)
    (3.)श्रद्धा और विश्वास में क्या अन्तर है? (What is the difference between faith and Shraddhavan?):
    (4.) श्रद्धावान विद्यार्थी की दिनचर्या कैसी होती है? (What is the daily routine of a devout student?)
    (5.) श्रद्धा से युक्त कैसे हुआ जा सकता है? (How can one be endowed with Shraddhavan?)
    (6.) क्या अध्ययन के लिए श्रद्धावान होना जरूरी है? (Is it necessary to be a devout person for study?)
    (7.) श्रद्धा हमारी मदद किस प्रकार करती है? (How does faith help us?)
    (8.) श्रद्धा के बिना प्राप्त सफलता किस प्रकार की होती है? (What is the type of success achieved without faith?)
    (9.) श्रद्धा के बिना विद्यार्थी की स्थिति कैसी होती है? (What is the condition of a student without faith?)
    (10.) श्रद्धा के बारे में विद्यार्थी की क्या धारणा होती है? (What is the student’s perception of faith?)
  • (B)श्रद्धा से सम्बच्चित कुछ महत्त्वपूर्ण बिन्दु (Some important points related to faith)
    (1.)श्रद्धा कैसे जगती है? (How does faith arise?)
    (2.)श्रद्धा सत्यप्राप्ति का मार्ग (Faith is the path to truth)
    (3.)आस्था का उदय विज्ञान और अध्यात्म के समन्वय से (The Rise of Faith in the Coordination of Science and the Spiritual)
    उपर्युक्त आर्टिकल में श्रद्धावान होने के 3 स्वर्णिम बिन्दु (3 Golden Points of Being Shraddhavan) के बारे में विस्तार और गहराई से समझाया गया है।
  • ### 📢 यदि आपको यह गणित का आर्टिकल पसंद आया हो:
    * 👥 **मित्रों के साथ शेयर करें:** ज्ञान बांटने से बढ़ता है,इसलिए इसे अपने दोस्तों के साथ ज़रूर साझा करें।
    * 🔔 **वेबसाइट को फॉलो करें:** अगर आप यहाँ पहली बार आए हैं, तो हमारे **ईमेल सब्सक्रिप्शन** को फॉलो करें।साथ ही, **Push Notification (घंटी के आइकॉन) को भी अलाउ (Allow) करें** ताकि हर नए ज़रूरी आर्टिकल और टेस्ट सीरीज़ का नोटिस आपके मोबाइल पर तुरंत मिल जाए!
    * 💬 **अपने सुझाव दें:** यदि आपकी कोई समस्या है या कोई सुझाव देना चाहते हैं,तो नीचे **कमेंट** करके हमें ज़रूर बताएं।
    **पूरा आर्टिकल पढ़ने के लिए आपका स्वागत है!** 🙏

Also Available in Hindi:Where to Use Doubt and Devotion?

6.अन्धविश्वासी छात्रा (हास्य-व्यंग्य) (Superstitious student) (Humour-Satire):

  • टीचर (छात्रा से):तुम अपने डाउट्स क्लियर क्यों नहीं करती हो?
  • छात्रा: क्योंकि मुझे आप पर श्रद्धा है?
  • टीचर:यह कैसी श्रद्धा है जो आप कोई सवाल ही नहीं पूछती हो?
  • छात्राः संशयी छात्र-छात्रा श्रद्धालु नहीं होता है।
  • टीचरः लेकिन तुम भी श्रद्धा नहीं अन्धविश्वास कर रही हो।
  • छात्रा:कैसे अन्धविश्वास कर रही हूँ?
  • टीचर : तुम अपने डाउट्स को जब तक नहीं पूछोगी तब तक ज्ञान में वृद्धि नहीं होगी।

7.श्रद्धावान होने के 3 स्वर्णिम बिन्दु (Frequently Asked Questions Related to 3 Golden Points of Being  Shraddhavan) से सम्बन्धित अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न:

प्रश्न:1.श्रद्धा से क्या आशय है? (What do you mean by faith?):

उत्तर:श्रद्धा में हमारा सम्पूर्ण व्यक्तित्व निहित होता है।यह बुद्धि का विषय नहीं है।श्रद्धा आध्यात्मिक जीवन को अभिव्यक्त करने वाली आत्मा की चेतन और स्वतन्त्र गतिविधि है।

प्रश्न:2.श्रद्धावनत मनुष्य कैसा होता है? (What is a devout human being?):

उत्तर:बाहर से देखने पर श्रद्धा का ज्ञान नहीं होता है,वह साधारण मनुष्य जैसा ही दिखाई देता है।श्रद्धावनत व्यक्ति को बाहर से देखने पर उसके आन्तरिक गुणों का पता नहीं चलता है,श्रद्धावनत व्यक्ति को देखने के लिए दिव्य दृष्टि होनी चाहिए।

प्रश्न:3.श्रद्धा और आस्था में क्या फर्क है? (What is the difference between faith and faith?):

उत्तर:श्रद्धा और आस्था में शाब्दिक अन्तर है,गहराई से देखने पर ये एक-दूसरे के पर्याय हैं।

प्रश्न:4.एक छात्र श्रद्वावान कैसे हो सकता है? (How can a student be Shraddhavan?):

उत्तर:इन्द्रियों को वश में करने और अध्ययन के समर्पित भाव रखने से श्रद्धावान हो सकता है।

  • उपर्युक्त प्रश्नों के उत्तर द्वारा श्रद्धावान होने के 3 स्वर्णिम बिन्दु (3 Golden Points of Being Shraddhavan) की प्राइमरी टर्म्स के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *